Posts

Showing posts from October, 2022

चलूँ अकड़ अकड़

चलूँ अकड़ अकड़,  कभी सिरक सिरक,  कभी  तड़क भड़क,  नाचे मन ता थई या,  ता थई या ता थई या था,  पानी पी लूँ गुटक गुटक  नैनों में रखूं चटक मटक,  खाया कुछ नहीं पर,  गया सब गटक गटक,  कुछ काँट छाँट, कुछ उठा पटक, कभी लपट झपट, यूँ ही कभी मटक मटक, कभी उबल उबल, कहीं आइस आइस, कहीं डिफिकल्ट सा मुश्किल  कहीं नाइस नाइस, कभी बात बात पर, कहीं ज़ात पात पर,  कभी लड़ाई वडाई, कभी मिलना या मिठाई, कभी सोच वोच कर, कहीं नोच खरोंच कर, कहीं गर्मी में,  कहीं भीग कर, कहीं सर्दी में,  कहीं छींक कर, कभी हार कर,  फिर जीत कर,   ज़िन्दगी रास्ता ढूंढ ही लेती है.

ऐंठन

ये ऐंठन लाते कहाँ से हो,  ये सर उठा कर जाते कहाँ पर हो,   गोला तो एक है घूम घूम कर आते कहाँ से हो,  चले थे जहाँ से सर को उठाये,   सिकंदर हो या अकबर,  सभी है मिट्टी में दफ़्न, सर को झुकाये,  हवाओं का रुख मोड़ नहीं पाते हो,  पानी को बोतलों में बंद कर क्यों इतना इतराते हो,  उम्र निकल जाती है नाम कमाने में,  तुम यूँही शौक के लिए सर पर पाऊँ धरे जाते हो,  तू तू, मैं मैं, मेरा तेरा, वगैरह वगैरह ,  ऊंट भी पहाड़ के नीचे आ कर शरमा जाता है,   तुम्हें क्या बात का गुरूर है,  क्या आसमान तुम्हारी ड्योढ़ी पर आकर चने खाता है, गर्दन झुका कर देखो कितनो को तुमने कुचला है।  तुम्हारी जूती के नीचे कितनो का दम निकला है, ये ऐंठन लाते कहाँ से हो.

जीवन, एक संघर्ष.......!!!

जीवन क्या है ?  एक संघर्ष, संघर्ष क्या है ? अपेक्षाओं से जन्मी विकृतियों का प्रयाय अपेक्षा क्या है ?  स्वंय को दुसरे के सुख में, खोज पाने की प्रतिस्पर्धा।  सुख क्या है ? एक अभिलाषा, एक आशा, इक बाहरी लोभ   आशा क्या है ? एक सुखद - दुखद अनुभव, एक स्वप्न जो जगते हुए देखते हैं।  स्वप्न क्या है ? जीवन और मृत्यु के बीच की डोर, मृत्यु क्या है ? अपेक्षाओं में उपेक्षाओं का आभास, उपेक्षा क्या है ?  स्वाभिमान का अभिमानी में परिवर्तित होना, अभिमानी कौन है ? जो मैं के लिए जीता हो, मैं कौन है ?  स्वयं से न मिल पाने पर क्रोध से उत्पन्न हुआ नश्वर शरीर, नश्वर शरीर क्या है ? आत्मा को ढोती काया, आत्मा क्या है ?  मृत्यु से ऊपर ईश्वर से नीचे,  ईश्वर क्या है ?  जीवन और मृत्यु का बोध, बोध क्या है ?  बुद्ध का मार्ग, बुद्ध कौन है ?  जिसको मार्ग मिल जाये, मार्ग क्या है ?  जीवन जीने की क्रिया,  जीवन क्या है ?  एक संघर्ष !!!